विश्व सेवा संघ, संवाददाता
खीरी टाउन। खीरी थाना क्षेत्र के सकेथू पुल के निकट चौका नदी में डूबे 12 वर्षीय बालक का शव गुरुवार देर शाम बरामद कर लिया गया। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से मगरमच्छ के हमले की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
मृतक की पहचान ग्राम रौलिया निवासी अनिकेत (12) पुत्र रमेश के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार दोपहर स्कूल से घर लौटने के बाद अनिकेत अपने दोस्तों के साथ चौका नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस, वन विभाग और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। बुधवार से लगातार की जा रही तलाश के दौरान गुरुवार देर शाम बालक का शव नदी से बरामद हुआ। शव का केवल सिर और धड़ का ऊपरी हिस्सा मिलने से आशंका व्यक्त की जा रही है कि उस पर मगरमच्छ ने हमला किया हो। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब ग्राम रौलिया निवासी गोताखोर रामसनेही पुत्र बदलू पर नदी में मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घायल गोताखोर को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नकहा भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने चौका नदी में मगरमच्छों की बढ़ती मौजूदगी पर चिंता जताते हुए वन विभाग से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यक चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

