विश्व सेवा संघ, संवाददाता

गौरीफंटा (लखीमपुर खीरी)। भारत-नेपाल सीमा स्थित गौरीफंटा बॉर्डर पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दाल से भरे एक ट्रक से लाखों रुपये का अवैध माल बरामद किया है। अधिकारियों ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद से नेपाल के काठमांडो के लिए चना दाल लेकर जा रहे ट्रक की कस्टम क्लीयरेंस के दौरान संदेह होने पर गहन तलाशी ली गई। जांच में दाल के बोरों के नीचे बड़ी मात्रा में अन्य सामान छिपाकर ले जाया जा रहा था।

कस्टम अधिकारी अमर उपाध्याय ने बताया कि दिल्ली के अलीपुर स्थित शिव शक्ति ट्रांसपोर्ट का ट्रक (आरजे 11 जीसी 2105) गाजियाबाद से नेपाल की भाग्य लक्ष्मी ट्रेडर्स के लिए रवाना हुआ था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कस्टम टीम ने गौरीफंटा सीमा पर ट्रक को रोककर देर रात तक उसकी अनलोडिंग कराई।

तलाशी के दौरान ट्रक से 18 क्विंटल चना दाल के अलावा लगभग 19.5 क्विंटल काली मिर्च, 216 मिक्सर, 980 बीबकॉक (पानी के नल के वाल्व) तथा बड़ी संख्या में शर्ट और पैंट के कपड़े बरामद किए गए। बरामद सामान के संबंध में चालक कोई वैध बिल या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

कस्टम विभाग के अनुसार, जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 57 लाख रुपये आंकी गई है। ट्रक को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *