विश्व सेवा संघ, संवाददाता अशोक कुमार
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।भारत-नेपाल सीमा से सटे खुनुवा बाजार क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ये वारदातें पुलिस चौकी से महज कुछ कदमों की दूरी पर हो रही हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बीते 25 दिनों के भीतर बाइक चोरी की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना 19 मार्च 2026 को हुई, दूसरी 29 मार्च को और तीसरी 2 अप्रैल को। लगातार हो रही इन वारदातों ने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि जब चौकी के आसपास ही सुरक्षा नहीं है, तो बाकी इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस पर गश्त में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका मानना है कि चोर पूरी तरह बेखौफ हैं और उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं है। भारत नेपाल सीमा क्षेत्र होने के कारण चोरी की गई बाइकों के नेपाल पार तस्करी की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे मामला और गंभीर हो जाता है।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में दो नेपाली संदिग्ध एक बाइक के साथ पुलिस के कब्जे में आए थे, लेकिन इस मामले में न तो कोई आधिकारिक जानकारी सामने आई और न ही बरामदगी की पुष्टि की गई। इससे पुलिस की पारदर्शिता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने खुनुवा पुलिस चौकी को लेकर लोगों का भरोसा कमजोर कर दिया है। अब देखना यह है कि पुलिस इस चुनौती से कैसे निपटती है और इलाके में कानून का डर दोबारा स्थापित कर पाती है या नहीं। इस संबंध में पुलिस चौकी खुनुवा प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।
