विश्व सेवा संघ, संवाददाता शरदेन्दु त्रिपाठी
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जन चौपाल एवं बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उन्मूलन, सुरक्षा, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन द्वारा चलाए जा रहे महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम संपन्न हुआ। थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के निर्देशन में ब्लॉक संसाधन केंद्र शोहरतगढ़ क्षेत्र के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय मलगवा में इसका आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों को महिला सुरक्षा, दहेज उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग कर उन्हें कानूनी सहायता और उनके अधिकारों की जानकारी भी दी गई। मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता स्टिकर भी लगाए गए।
इस अवसर पर महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस), 101 (अग्निशमन), 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं।इसके अतिरिक्त बाल विवाह, लैंगिक शोषण, लिंगानुपात और नए कानूनों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। यातायात नियमों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बाल कल्याण अधिकारी अमन शर्मा, प्रधानाचार्य गायत्री देवी सहित पुलिस विभाग के उप निरीक्षक परमानंद राय, हेड कांस्टेबल अविनाश सिंह, महिला कांस्टेबल शोभा भारती, रूबी दुबे एवं उर्मिला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस जन चौपाल में लगभग 520 महिलाएं, 80 बालिकाएं और 50 बालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में उनके प्रति होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना रहा।
