विश्व सेवा संघ, संवाददाता अजय मौर्य

लखीमपुर खीरी। गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक फरियादी शिकायत पत्र देने के बाद हाथ में कुल्हाड़ी लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर खड़ा हो गया। कुल्हाड़ी देखकर कर्मचारियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा युवक को हिरासत में लेकर स्थिति को सामान्य कराया। राहत की बात यह रही कि युवक ने किसी पर हमला नहीं किया।

पूछताछ के दौरान युवक ने कहा कि उसका विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ है। उसने कहा, “यह कुल्हाड़ी भ्रष्टाचार के खिलाफ उठी है। हम पृथ्वीराज चौहान के वंशज हैं। मैं मजदूरी करता हूं, पंचर जोड़ने और टायर बनाने का काम करता हूं। भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई न कोई तो भगत सिंह बनेगा।” युवक ने यह भी कहा कि उसकी बात कोई भी रिकॉर्ड कर सकता है और उसे इससे कोई आपत्ति नहीं है।

मां ने लगाया सुनवाई न होने का आरोप

युवक की मां ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से वह अपने परिवार के साथ थाने और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि पुलिस केवल औपचारिकता निभा रही है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से भी मुलाकात कर शिकायत की गई थी, लेकिन आश्वासन के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। महिला ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष उनके घर में घुसकर मारपीट करता है और पूरे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।

जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

जानकारी के अनुसार, कुल्हाड़ी लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक राम सिंह सिंगाही थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव का निवासी है और पंचर बनाने का कार्य करता है। ग्रामीणों के मुताबिक उसका गांव के पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। राम सिंह का दावा है कि विवादित भूमि ग्राम समाज की है, जहां वह नाली निर्माण कराना चाहता है, जबकि पूर्व प्रधान उक्त जमीन पर अपना स्वामित्व बताते हैं।

पुलिस का पक्ष

सिंगाही थाना प्रभारी दिलीप चौबे ने बताया कि मामला भूमि विवाद से संबंधित है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की टीम पहले ही मौके पर पैमाइश कर आवश्यक कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस के अनुसार युवक ने प्रशासन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट में कुल्हाड़ी लेकर पहुंचने जैसी हरकत की।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *