विश्व सेवा संघ संवाददाता

लखीमपुर खीरी। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया, जब आठवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र अमिताभ ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के समक्ष अपनी पारिवारिक समस्या रखकर न्याय की गुहार लगाई। छात्र ने पूरे आत्मविश्वास और बेबाकी के साथ अपनी बात अधिकारियों के सामने रखी, जिसे सुनकर वहां मौजूद अधिकारी भी प्रभावित हुए।

छात्र अमिताभ ने बताया कि उसके घर के एक हिस्से पर उसके ताऊ-ताई ने ताला लगा रखा है। उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उस हिस्से को किराए पर देकर परिवार का भरण-पोषण करना चाहता है। उसने यह भी बताया कि इस संबंध में कई बार पुलिस चौकी पर शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने छात्र की पूरी बात गंभीरता से सुनी और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत का निष्पक्ष एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह को मौके पर जाकर जांच करने तथा पारिवारिक विवाद का शीघ्र और निष्पक्ष समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संपूर्ण समाधान दिवस में छात्र अमिताभ का साहस, जागरूकता और अपनी समस्या को स्वयं अधिकारियों के सामने रखने का आत्मविश्वास पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा। अधिकारियों ने भी छात्र की हिम्मत की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *