विश्व सेवा संघ संवाददाता शरदेन्दु त्रिपाठी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित खुनुवा बॉर्डर पर शनिवार को भारत और नेपाल की सुरक्षा एवं प्रशासनिक एजेंसियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कंपनी कमांडेंट उज्ज्वल दत्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाना, दोनों देशों की एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाना तथा सीमावर्ती क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना रहा।
बैठक में नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के निरीक्षक हरित बडुवाल, नेपाल पुलिस मर्यादपुर के ना. निरीक्षक राजेश गिरी, कस्टम खुनुवा के निरीक्षक रमेश कुमार, पुलिस चौकी खुनुवा प्रभारी सुरेश यादव, एसएसबी खुनुवा के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार सिंह सहित भारत और नेपाल की विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सीमा पार आवागमन, नागरिकों एवं वाहनों से संबंधित समस्याओं, सीमा सुरक्षा, तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की त्वरित सूचना साझा करने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा करने और संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से सीमा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक के उपरांत भारत और नेपाल के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीमा प्रबंधन और आवागमन की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
नेपाल एपीएफ के निरीक्षक हरित बडुवाल ने सीमा सुरक्षा को प्रभावी बनाने के लिए निरंतर समन्वय और सूचना साझा करने पर बल दिया। वहीं नेपाल पुलिस के ना. निरीक्षक राजेश गिरी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता बताई। कस्टम निरीक्षक रमेश कुमार ने वैध व्यापार को सुगम बनाने के साथ-साथ तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही, जबकि पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश यादव ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
एसएसबी के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि विभिन्न एजेंसियों के बेहतर तालमेल से खुनुवा बॉर्डर की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा बलों के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

