विश्व सेवा संघ, संवाददाता

लखीमपुर खीरी में गुरुवार को आयोजित नारी शक्ति वंदन पदयात्रा महिलाओं की सशक्त भागीदारी और उत्साह के चलते खास चर्चा का विषय रही। शहर के कंपनी बाग स्थित गांधी पार्क से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लेकर अपनी एकजुटता और जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम करीब 5 बजे हुई।

पदयात्रा के दौरान महिलाओं ने “सशक्त नारी, सशक्त भारत”, “नारी का सम्मान, देश का स्वाभिमान” और “हर स्तर पर बढ़े महिलाओं की भागीदारी” जैसे नारों के साथ अपने अधिकारों और सहभागिता की आवाज बुलंद की। इस दौरान पूरे शहर में एक सकारात्मक और जागरूक माहौल देखने को मिला।

यह यात्रा गांधी पार्क से निकलकर सुनहरी मस्जिद, हमदर्द तिराहा, मुख्य बाजार, श्रीराम चौराहा और सर्राफा बाजार होते हुए आगे बढ़ी। रास्ते में आम नागरिकों ने भी इस पदयात्रा को देखा और महिलाओं के उत्साह की सराहना की।

कार्यक्रम में श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव, पारुल गुप्ता, रश्मि गुप्ता और भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अहम बताया।

पदयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

गौरतलब है कि देशभर में चल रहे “नारी शक्ति वंदन” अभियान के तहत इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और राजनीतिक भागीदारी में उनकी भूमिका को सशक्त बनाना है।

By Abhay Pandey

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *