90481494 cf32 40c4 b486 4c160ea16243 1791339251285

टक्कर के बाद खाई में गिरी कार, दो की हालत गंभीर; जिला अस्पताल रेफर

विश्व सेवा संघ, संवाददाता

लखीमपुर खीरी। शारदानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब छह बजे लखीमपुर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बालाजी मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे छह युवकों की कार बेल कोठिया क्रेशर के पास सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी छह युवक घायल हो गए।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।

घायलों की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मझरा फार्म निवासी साहिल, गोलू, शिवा, विशाल, आकाश और हिमांशु के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने साहिल और गोलू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल खीरी रेफर कर दिया। वहीं, अन्य चार घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद डीसीएम चालक फरार

पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।

सीओ सदर महक शर्मा ने बताया कि हादसे में छह युवक घायल हुए हैं। दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *