चकरोड पर मिट्टी पटान के नाम पर सिर्फ फोटोशूट, भरा जा रहा फर्जी मास्टर रोल

विश्व सेवा संघ, संवादाता अर्जुन यादव

बढ़नी। विकास खंड बढ़नी क्षेत्र के ग्राम पंचायत रेड़वरिया में मनरेगा योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि चकरोड पर मिट्टी पटान कार्य के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है, जबकि वास्तविक कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बावजूद दर्जनों मजदूरों के नाम से मास्टर रोल भरा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार महादेव बुजुर्ग प्राथमिक विद्यालय से रोईनिहवा सिवान तक चकमार्ग पर मिट्टी पटाई कार्य दिखाकर करीब 67 मजदूरों का मास्टर रोल तैयार किया जा रहा है। आरोप है कि सावित्री, सहाना खातून, आशिक, साफिया, हसलैन, किशलावती, गुरफान, सबा आलम, हकीकुल्लाह समेत कई लोगों के नाम दर्ज कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

मामले की पड़ताल करने शनिवार शाम करीब सवा चार बजे जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची तो वहां कार्य होता नहीं मिला। आसपास पशु चरा रहे ग्रामीणों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि मजदूर केवल फोटो खिंचवाने के लिए बुलाए जाते हैं और बाद में घर लौट जाते हैं। ग्रामीणों का कहना था कि “यहां काम कम और फोटोशूट ज्यादा हो रहा है। बाहर से मजदूर बुलाकर फोटो खिंचवा लिया जाता है और फिर फर्जी तरीके से मास्टर रोल भर दिया जाता है।

”ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में लंबे समय से फर्जी मास्टर रोल भरने का खेल चल रहा है, लेकिन ब्लॉक स्तर के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एपीओ शाहिद सिराज तथा बीडीओ बढ़नी अनिशि मणि पांडे ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *