चोक नालियों के कारण मुख्य मार्ग पर जमा गंदा पानी, शिकायतों के बाद भी समस्या बरकरार

विश्व सेवा संघ, संवादाता अजय मौर्य

निघासन(खीरी) – ब्लॉक निघासन क्षेत्र की ग्राम पंचायत लालपुर में जलभराव और गंदगी की समस्या ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। गांव के मुख्य मार्ग पर गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए जीपीएस लोकेशन युक्त वीडियो में समस्या की वास्तविक स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है। वीडियो में छोटे-छोटे बच्चे पानी और कीचड़ से भरे रास्ते से होकर स्कूल और अन्य कार्यों के लिए आते-जाते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर फैली गंदगी और जलभराव के कारण रोजाना दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गांव की नालियां लंबे समय से चोक पड़ी हैं, जिससे गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा कई स्थानों पर रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नालियों की सफाई कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे गांववासियों को राहत मिल सके और बच्चों सहित सभी लोगों का आवागमन सुगम हो सके।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *