विश्व सेवा संघ, जिला संवादाता राहुल राज

लखीमपुर खीरी। पढुआ थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, नकदी समेत कई अहम सामान बरामद किए हैं।

क्षेत्राधिकारी निघासन शिवम कुमार ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि ढखेरवा-निघासन रोड स्थित लखहा मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन गेमिंग और निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार आरोपी “नाइट वन क्लब”, “एविएटर”, “कलर ट्रेड” और “बीट जीबी” जैसे थर्ड पार्टी गेमिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते थे। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को कम समय में लाखों रुपये कमाने का लालच देकर निवेश कराया जाता था। इसके बाद आरोपी धोखे से ओटीपी हासिल कर पीड़ितों के बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। इस पूरे नेटवर्क में उन्हें ठगी की रकम का लगभग 15 प्रतिशत कमीशन मिलता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार, दिलीप कुमार और अंकित कुमार निवासी चचरापुरवा तथा आशीष गौतम निवासी ढखेरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से आठ मोबाइल फोन, 20 एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, 11 सिम कार्ड, नकदी, एक होंडा सिटी कार और एक अपाचे बाइक बरामद की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पढुआ थाने में आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सीओ निघासन ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *