शोहरतगढ़ थाना प्रभारी को लिखित शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग, पुलिस जांच में जुट
विश्व सेवा संघ संवाद सूत्र
बढ़नी /शोहरतगढ़ – नगर पंचायत शोहरतगढ़ में आबादी के बीच संचालित चिकवा मंडी को हटाने की मांग एवं अवैध व अनाधिकृत अतिक्रमण हटाने के बीच एक पत्रकार के साथ कथित अभद्रता एवं धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि वार्ड संख्या-09 शिवनगर निवासी मनोज वर्मा ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को प्रार्थना पत्र देकर घनी आबादी के बीच संचालित चिकवा मंडी को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की थी। शिकायत में मंडी से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों, दुर्गंध, स्वच्छता संबंधी समस्याओं एवं जनस्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रभाव का उल्लेख किया गया था। शिकायतकर्ता ने मंडी के समीप मंदिर एवं घनी आबादी होने का भी हवाला देते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
इसी प्रकरण में बीते 19 जून को शोहरतगढ़ पुलिस द्वारा कथित रूप से अवैध एवं अनाधिकृत रूप से संचालित दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि प्रशासनिक कार्रवाई का कवरेज करने पहुंचे पत्रकार श्रवण कुमार पटवा वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान मीट व्यवसाय से जुड़े नसीरुद्दीन उर्फ भोपू निवासी मोतीलाल नगर से उनकी कहासुनी हो गई। श्रवण कुमार पटवा द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने उन्हें वीडियो बनाने से रोकने का प्रयास किया तथा सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने उन्हें धमकी दी और पत्रकारिता कार्य में बाधा उत्पन्न की।
पत्रकार की शिकायत पर थाना शोहरतगढ़ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर के अनुसार शिकायतकर्ता ने घटना की सूचना उसी दिन प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ को लिखित रूप से भी दी थी। वहीं प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
