elon 1749047997 1इलॉन मस्क ने हाल ही में कहा था कि ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट’ जैसे स्पेंडिंग बिल्स इस कर्ज को और बढ़ा रही हैं।

विश्व सेवा संघ, न्यूज टीम

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क ने अमेरिका को कर्ज संकट की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, “अमेरिकी सरकार की कमाई का 25% हिस्सा तो कर्ज के ब्याज में ही जा रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो हालत ये होगी कि सरकार के पास सिर्फ ब्याज चुकाने के लिए पैसे होंगे। सोशल सिक्योरिटी, मेडिकल, डिफेंस जैसी जरूरी चीजों के लिए कुछ नहीं बचेगा।”

मस्क ने हाल ही में ये भी कहा था कि ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट’ जैसे फिजूलखर्ची वाले बिल इस कर्ज को और बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद देश को दिवालिया बना रही है।

मस्क का सोशल मीडिया पोस्ट

screenshot 2025 06 04 152533 1749030925

अमेरिका को कर्ज संकट की चेतावनी क्यों, 7 सवालों में समझिए…

सवाल 1: अमेरिका का कर्ज कितना है और ब्याज कितना देना पड़ रहा है?

जवाब: इलॉन मस्क ने अपनी पोस्ट में वॉल स्ट्रीट माव नाम के एक अकाउंट को कोट किया, जिसमें बताया गया कि अमेरिका का कर्ज 36.9 ट्रिलियन डॉलर यानी, करीब 3200 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। वर्ल्ड ऑफ स्टैटिस्टिक्स के मुताबिक…

  • 2024 में कर्ज 36.2 ट्रिलियन डॉलर यानी, करीब 3111 लाख करोड़ रुपए था।
  • 2011 में कर्ज 15.2 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 1306 लाख करोड़ रुपए था।
  • 14 साल में कर्ज दोगुना से भी ज्यादा होकर 36.9 ट्रिलियन डॉलर हो गया है।

वहीं हर साल अमेरिका को ब्याज के तौर पर 1.2 ट्रिलियन डॉलर यानी, करीब 103 लाख करोड़ रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। ये रकम डिफेंस डिपार्टमेंट के 1 ट्रिलियन डॉलर के बजट से भी ज्यादा है। मस्क ने सितंबर 2024 में ऑल इन पॉडकास्ट में भी ये बात कही थी।

सवाल 2: इसी तरह चलता रहा तो आने वाले सालों में ये कितना हो सकता है?

जवाब: अरबपति निवेशक रे डालियो ने कहा कि अगले 10 सालों में अमेरिका का कर्ज 50-55 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, जो उसकी कमाई का 6.5-7 गुना होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका का बढ़ता कर्ज एक ‘इकोनॉमिक हार्ट अटैक’ की वजह बन सकता है।

मूडीज ने भी कहा कि अगर ऐसा ही चला तो 2035 तक कर्ज जीडीपी का 140% हो जाएगा, जो 2024 में 98% था। अगर ट्रम्प की टैक्स पॉलिसी बरकरार रही तो हालत और खराब होगी। वहीं कॉन्ग्रेशनल बजट ऑफिस ने कहा कि 2055 तक कर्ज जीडीपी का 156% हो जाएगा।

डेट-टू-जीडीपी रेश्यो ये बताता है कि किसी देश का कर्ज (डेट) उसकी सालाना कमाई (जीडीपी) के मुकाबले कितना है। इसे परसेंटेज में दिखाया जाता है।

मान लीजिए एक देश का कर्ज 100 रुपए है और उसकी सालाना कमाई 50 रुपए है, तो डेट-टू-जीडीपी रेश्यो होगा 100/50 = 200%। यानी कर्ज कमाई से दोगुना है।

new project 72 1749030999
रे डालियो ने क्रेडिट सिस्टम को शरीर के खून के बहाव (सर्कुलेटरी सिस्टम) से जोड़कर समझाया। अगर इसका सही इस्तेमाल हो तो ये प्रोडक्टिविटी और इनकम बढ़ाता है। लेकिन अगर गलत इस्तेमाल हुआ तो ये सिस्टम इतनी इनकम नहीं बना पाता कि कर्ज और उसका ब्याज चुका सके। आसान भाषा में कहें तो कर्ज इतना बढ़ जाता है कि बाकी चीजों के लिए पैसे ही नहीं बचते।

सवाल 3: अमेरिका पर कर्ज बढ़ने का वहां की जनता पर क्या असर होगा?

जवाब: बाइपार्टिसन पॉलिसी सेंटर के मुताबिक, कर्ज बढ़ने से ब्याज का खर्चा इतना बढ़ जाएगा कि सरकार के पास जरूरी प्रोग्राम्स जैसे सोशल सिक्योरिटी, मेडिकेयर, डिफेंस के लिए पैसे नहीं बचेंगे। काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस के मुताबिक, ब्याज का खर्चा मेडिकेड से ज्यादा हो गया है।

सवाल 4: अमेरिका का कर्ज इतना क्यों बढ़ रहा है?

जवाब: यूएस ट्रेजरी फिस्कल डेटा बताता है कि सरकार के खर्चे कमाई से ज्यादा हैं। जब खर्चा ज्यादा होता है, तो सरकार को कर्ज लेना पड़ता है।

  • कोविड-19 महामारी के दौरान बड़े प्रोग्राम्स के लिए खर्चा बढ़ा।
  • यूक्रेन संकट की वजह से भी अमेरिका के खर्च में बढ़ोतरी हुई है।
  • 2017 के टैक्स कट्स की वजह से अमेरिका की कमाई घटी है।

सवाल 5: सरकार इसको रोकने के लिए क्या कर रही है?

जवाब: ट्रम्प सरकार ने मई 2025 में एक बजट पेश किया, जिसमें 163 बिलियन डॉलर यानी, करीब 14 लाख करोड़ रुपए की कटौती का प्लान है। इसमें एजुकेशन, हेल्थ, हाउसिंग और लेबर प्रोग्राम्स में कटौती होगी।

स्टेट डिपार्टमेंट का बजट 26.5 बिलियन डॉलर (करीब 2.28 लाख करोड़ रुपए) और NOAA का 1.5 बिलियन डॉलर (0.13 लाख करोड़ रुपए) घटाने का प्रस्ताव है। लेकिन कई संगठनों ने इसका विरोध किया है, खासकर स्टूडेंट्स की फंडिंग में कटौती को लेकर।

सवाल 6: मस्क ने ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट’ की आलोचना क्यों की?

जवाब: इस बिल में 2017 के टैक्स कट्स को बढ़ाने और मिलिट्री व बॉर्डर सिक्योरिटी पर खर्च बढ़ाने की बात है। मस्क ने 3 जून को X पोस्ट में कहा था कि ये बिल बजट घाटे को 2.5 ट्रिलियन डॉलर यानी, करीब 215 लाख करोड़ रुपए तक बढ़ा देगा।

मस्क ने अपनी पोस्ट में लिखा,मैं अब और सहन नहीं कर सकता। यह बिल बहुत बड़ा, बेतुका और फिजूल खर्चों से भरा है। जिन लोगों ने इसके पक्ष में वोट दिया, उन्हें शर्म आनी चाहिए।

एक अन्य पोस्ट में मस्क ने कहा कि अगले साल नवंबर में हम उन सभी राजनेताओं को हटाएंगे, जिन्होंने जनता को धोखा दिया है।

सवाल 7: किसी देश पर GDP के कितने परसेंट कर्ज को सही माना जाता है?

मूडीज के मुताबिक, 60% से ज्यादा कर्ज होने पर देश को ब्याज चुकाने में दिक्कत होती है, और आर्थिक स्थिरता खतरे में पड़ती है।

60% रेश्यो को इसलिए सही माना जाता है, क्योंकि इससे देश अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में खर्च किए बिना विकास, हेल्थ, और डिफेंस जैसे क्षेत्रों में खर्च कर सकता है।

अगर ये रेश्यो बढ़ता है, जैसे अमेरिका में अभी 123% है, तो ब्याज का बोझ बढ़ता है, और सरकार के पास जरूरी खर्चों के लिए पैसे कम बचते हैं।

हालांकि, कुछ इकोनॉमिस्ट कहते हैं कि विकसित देश जैसे अमेरिका या जापान (जिसका रेश्यो 266% है) ज्यादा कर्ज सह सकते हैं, क्योंकि उनकी करेंसी और इकोनॉमी मजबूत होती है।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *