विश्व सेवा संघ, संवाददाता

लखीमपुर खीरी – जनपद में संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार देर शाम जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में अटल सभागार में जिलास्तरीय बाढ़ स्टेरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक योगेश वर्मा और रोमी साहनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित बाढ़ को ध्यान में रखते हुए कारगर और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ चौकियों, राहत केंद्रों, शरणालयों और लंगर स्थलों का चयन समय से कर लिया जाए। साथ ही तहसील स्तर पर सरकारी व गैर-सरकारी नावों, नाविकों और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ के दौरान किसी भी प्रभावित व्यक्ति को मूलभूत सुविधाओं की कमी न हो। राहत शिविरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की भी व्यवस्था सुनिश्चित हो। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि चिकित्सा शिविरों में ओआरएस, क्लोरीन टैबलेट, सेनेटरी नैपकिन समेत सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने बंधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए 31 मई तक सभी परियोजनाओं को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीडीओ को संवेदनशील क्षेत्रों की गौशालाओं को चिन्हित कर बाढ़ के दौरान गोवंश की सुरक्षित शिफ्टिंग की योजना बनाने को कहा। साथ ही फ्लड फाइटिंग के लिए आवश्यक मैनपावर, वाहन और संसाधनों की समय रहते उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र के लिए कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्राम प्रधान, कोटेदार, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और प्रबुद्ध नागरिकों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जोड़कर त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने की बात कही।

बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड अजय कुमार ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले की बाढ़ संवेदनशीलता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 बाढ़ निरोधी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें लगभग 15 प्रतिशत प्रगति हो चुकी है। साथ ही ड्रेनों की सफाई, वर्षा और डिस्चार्ज से जुड़े आंकड़े भी साझा किए गए।

बैठक में मौजूद रहे:

सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय, जिला अग्निशमन अधिकारी, डीपीआरओ विशाल सिंह, ईई बाढ़ खंड अजय कुमार, ईई सिंचाई खंड शारदा नगर, ईई सिंचाई खंड प्रथम राम बहादुर, सभी एसडीएम, बीडीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *