विश्व सेवा संघ, संवाददाता 

वाराणसी । पिरामल फाउंडेशन द्वारा आयोजित गांधी फेलो बैच-19 का उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय इंडक्शन कार्यक्रम वाराणसी के एक स्थानीय होटल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कई दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित गांधी फेलोज़ ने भाग लिया।

इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, सामुदायिक सहभागिता, पंचायती राज व्यवस्था, ग्रामीण विकास, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामाजिक परिवर्तन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य फेलोज़ को जमीनी स्तर पर प्रभावी नेतृत्व और विकास कार्यों के लिए तैयार करना रहा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायती राज अधिकारी आलोक सिन्हा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “विकसित पंचायत, विकसित भारत” के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने गांधी फेलोज़ से ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर जनभागीदारी बढ़ाने, स्थानीय समस्याओं के समाधान में सहयोग देने तथा शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन सीनियर प्रोग्राम मैनेजर संतोष सिंह ने किया, जबकि समापन अवसर पर पिरामल फाउंडेशन की कोर टीम के सदस्य विंग कमांडर जैनेंद्र पाठक ने प्रेरणादायी संबोधन देते हुए कहा कि गांधी फेलोशिप केवल सीखने का अवसर नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी फेलोज़ से सेवा, संवेदनशीलता एवं नेतृत्व की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इंडक्शन के दौरान विशेषज्ञों ने नेतृत्व क्षमता, टीम निर्माण, प्रभावी संवाद, समस्या समाधान, पंचायत शासन, सामुदायिक नेतृत्व, व्यवहार परिवर्तन, फील्ड एंगेजमेंट तथा परियोजना प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। समूह गतिविधियों, अनुभव साझा सत्रों एवं व्यवहारिक अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए तैयार किया गया।

इस अवसर पर पिरामल फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम मैनेजर संतोष सिंह, सीनियर कंसल्टेंट हरजिंदर सिंह, प्रोग्राम मैनेजर चंद्रशेखर, रूबी, अवनीश, सत्येन्द्र सिंह, ऐमन शाहीन, साक्षी सिंह, अभिजीत, अंकित चौबे, अभिषेक तथा एडमिन मैनेजर मनोज सहित वाराणसी की पूरी पिरामल टीम उपस्थित रही। सभी ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी गांधी फेलोज़ ने ग्राम पंचायतों के समग्र विकास, सामुदायिक नेतृत्व को सशक्त बनाने तथा सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण विकास एवं जनभागीदारी को नई दिशा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *