विश्व सेवा संघ, संवाददाता शरदेन्दु त्रिपाठी
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर) – ढेबरुआ थाना क्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे पर बुधवार शाम करीब 4:30 बजे बोलेरो और स्कूटी के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शोहरतगढ़ पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएच पर एसबीआई बैंक तुलसियापुर के सामने पश्चिम दिशा से आ रही महिंद्रा बोलेरो (संख्या UP-55-X-8287) और पूरब दिशा से आ रही स्कूटी (संख्या UP-55-AS-0633) की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बोलेरो के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा।
घायल युवक की पहचान राजेंद्र (34) पुत्र राम चंदर, निवासी वार्ड नंबर 6, आर्य नगर, नगर पंचायत शोहरतगढ़ के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राजेंद्र शांति मार्केट के सामने मूंगफली का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। हादसे में उसके सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अभय भारती ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
