विश्व सेवा संघ, संवादसूत्र

फरधान (खीरी) – थाना फरधान क्षेत्र में शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक के पास गए युवक पर लौटते समय हमला कर दिया गया। हमलावरों ने रास्ते में बाइक रोककर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, गांव डिहुआ निवासी अमित सिंह शनिवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर अपने पिता के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि लौकी गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे विपक्षी पक्ष के लोगों ने उनकी बाइक रुकवा ली और उन्हें जबरन नीचे उतारकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए अमित के पिता कलेक्टर सिंह को भी धक्का देकर खाई में गिरा दिया गया।

घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है। अमित सिंह के अनुसार, गांव लौकी निवासी रामलखन और उनके परिजन उन्हें लगातार धमका रहे थे। दो दिन पहले भी रामलखन के पोते छंगा वर्मा और अंकुल वर्मा ने रास्ते में गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत करने वह एसपी के पास गए थे।

हमले में अमित सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है। सूचना के बाद पुलिस ने घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक राजू राव ने बताया कि तहरीर के आधार पर राजेश वर्मा, रमाकांत, तीर्थराज और अंकुल वर्मा के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *