विश्व सेवा संघ, संवाददाता
तुलसियापुर। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गोरखपुर जनपद के ग्राम रुद्रपुर, थाना खजनी निवासी स्वर्णकार समाज के श्री हनुमान वर्मा के 10 वर्षीय पुत्र वैभव वर्मा के अपहरण एवं निर्मम हत्या के मामले को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
इस दौरान हाटा के विधायक मोहन वर्मा, मृतक बालक के पिता हनुमान वर्मा, उनके भाई भृगुनाथ वर्मा एवं गौरीशंकर वर्मा भी मौजूद रहे। विधायक विनय वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह पर तत्काल समय दिया, जिसके बाद पीड़ित परिजनों को उनसे मिलने के लिए बुलाया गया।
परिजनों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वैभव वर्मा का अपहरण फिरौती की नीयत से उसके ही मोहल्ले के निवासी सर्वेश भट्ट उर्फ बिट्टू द्वारा किया गया था और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना को अत्यंत जघन्य एवं अमानवीय बताते हुए परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
विधायक विनय वर्मा ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस अपराध में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अपराधियों की अवैध संपत्तियों और निर्माणों पर भी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में अपराध के प्रति कड़ा संदेश जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो भविष्य के लिए एक मिसाल बने।
विधायक विनय वर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव वर्मा को न्याय मिलेगा और दोषियों को उनके अपराध की कठोरतम सजा मिलेगी।

