विश्व सेवा संघ, जिला संवादाता राहुल राज

लखीमपुर खीरी। तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 22 वर्षीय छात्रा गुंजन मिश्रा का शव राजधानी लखनऊ के चारबाग स्थित होटल मिलन के एक कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची नाका हिंडोला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि गुंजन मिश्रा लखीमपुर खीरी की निवासी थी और एमए संस्कृत द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। छात्रा के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने सदर कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।

परिजनों का आरोप है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उनका कहना है कि गुंजन घर से बिना मोबाइल फोन और पैसे के निकली थी, जबकि होटल के कमरे से मोबाइल, नकदी और नए कपड़े बरामद हुए हैं। इससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा कॉल डिटेल भी जांच के दायरे में ली गई है।

नाका हिंडोला पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *