विश्व सेवा संघ, संवादाता अजय मौर्या

पलिया (खीरी) – पलिया कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव अतरिया में चोरों ने तीन बंद घरों को निशाना बनाया। लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग घर लौटे, तब उन्हें कमरों के ताले टूटे मिले और चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

ग्राम बड़ागांव अतरिया निवासी अल्लन खां पुत्र झब्बू खां ने बताया कि उनके घर से करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये की नकदी चोरी हुई है। इनमें दो जोड़ी सोने के झाले, दो तोला का एक सोने का हार, दो सोने की नथनी, छह जोड़ी चांदी की पायल, सोने की झुमकी, एक जोड़ी सोने के हथफूल, तीन जोड़ी सोने के बुंदे, एक जोड़ी सोने के टप्स, एक सोने का टीका और पीतल के बर्तन शामिल हैं।

इसके अलावा, साहब हसन पुत्र अजमल खां के घर से एक सोने का टीका, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ी सोने के टप्स, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक तांबे की डेक और पीतल के बर्तन चोरी हुए। वहीं, मुफीद पुत्र सप्पू खां के घर से एक जोड़ी सोने की झुमकी, दो जोड़ी सोने की नथनी, छह जोड़ी चांदी की पायल, आठ जोड़ी सोने की बाली, एक सोने की अंगूठी और पीतल के सभी बर्तन चोर उठा ले गए। मुफीद ने बताया कि ये जेवर उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गए थे।

तीनों परिवार अपने परिजनों के साथ मजदूरी करने हापुड़ गए हुए थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे जब वे घर वापस लौटे, तो कमरों के ताले टूटे मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *