विश्व सेवा संघ, न्यूज टीम

जिला प्रशासन की पहल से संवरेंगे सपने, ‘लखीरा’ बनेगा हर महिला की पहचान

लखीमपुर खीरी – अब जिले की मेहनतकश महिलाओं के हाथों से बने उत्पाद किसी गुमनाम कोने में नहीं, ब्रांड बनकर बाजार में दम दिखाएंगे। स्वयं सहायता समूहों और एफपीओ के उत्पादों को ‘लखीरा’ के नाम से नई पहचान मिली है। जिला प्रशासन की पहल पर शुरू हुए इस ब्रांड के जरिए अब महिलाओं का हुनर सीधे बाजार तक पहुंचेगा। “लखीमपुर का हीरा” अब हर पैक पर चमकेगा!

आकांक्षा स्टोर और कैफे परिसर में हुए कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और सीडीओ अभिषेक कुमार के साथ ब्रांड नाम, टैगलाइन और लोगो का अनावरण कर लांचिंग की।

लखीरा बनेगा महिला सशक्तिकरण का प्रतीक, हर घर की मेहनत को मिलेगा मंच : प्रभारी मंत्री
प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि अब वो दिन दूर नहीं जब लखीमपुर की महिलाएं सिर्फ घर तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि उनका हुनर ‘लखीरा’ बनकर देशभर में पहचाना जाएगा। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने आत्मविश्वास, मेहनत और हुनर के दम पर जो उत्पाद तैयार कर रही हैं, उन्हें अब एक सशक्त पहचान मिल गई है। ‘लखीरा’ सिर्फ एक ब्रांड नहीं, बल्कि महिलाओं की आर्थिक आज़ादी और सामाजिक बदलाव का जरिया बनेगा।

लखीरा सिर्फ नाम नहीं, महिलाओं की नई पहचान है : डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि लखीरा हर उस महिला की मेहनत का नाम है, जिसने चुपचाप सपने बुने और अब उन्हें साकार करने निकली है। अब SHG की महिलाएं उपभोक्ता नहीं, निर्माता बन रही हैं। हर उत्पाद में उनके आत्मबल और आत्मनिर्भरता की कहानी छिपी है। डीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर कदम पर साथ है। लखीरा के साथ लखीमपुर की पहचान भी देश-दुनिया में चमकेगी।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि लखीरा महिलाओं के हुनर को नई पहचान देने का मंच है। इससे गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

हर नाम की एक कहानी होती है, ‘लखीरा’ उसकी मिसाल है
‘लखीरा’, यानी लखीमपुर का हीरा। यह नाम सिर्फ एक पहचान नहीं, बल्कि यहां की महिलाओं के परिश्रम, आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का प्रतीक बन गया है। टैग लाइन “लखीमपुर का हीरा” हर उत्पाद के पीछे एक महिला की मेहनत और एक परिवार की उम्मीद छिपी है। यही है लखीरा की असली ताकत।

आकांक्षा स्टोर में की उत्पादों की सराहना, कैफे में चखे गोलगप्पे

समीक्षा बैठक के बाद जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने मंगलवार को विधायक योगेश वर्मा और विनोद शंकर अवस्थी के साथ राजापुर चौराहे स्थित आकांक्षा स्टोर और कैफे का भ्रमण किया। उन्होंने स्टोर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को देखा और मुक्त कंठ से सराहना की। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि स्टोर की खास बात यह है कि हर माह उत्पाद बदले जाते हैं ताकि ग्राहकों की रुचि बनी रहे और समूहों को मंच मिलता रहे। भ्रमण के दौरान मंत्री आकांक्षा कैफे भी पहुंचे और जनप्रतिनिधियों संग गोलगप्पों का स्वाद लिया। वहीं मौजूद महिलाओं से संवाद कर उनके काम की सराहना भी की।

डीएम के नेतृत्व और सीडीओ की पहल पर उत्पादों को मिला लखीरा ब्रांड नेम
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के नेतृत्व, सीडीओ अभिषेक कुमार की पहल पर स्वयं सहायता समूह और FPO के उत्पादों को अपना ब्रांड नेम लोगो और टैगलाइन मिली। सीडीओ अभिषेक कुमार ने जनमानस से उत्पादों के ब्रांड नाम के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए थे, प्राप्त सुझाव में से ही ब्रांड नाम का चयन टैगलाइन और लोगों फाइनल किया गया, जिसकी आज प्रभारी मंत्री द्वारा लांचिंग की गई।

By Abhay Pandey

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *