शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निस्तारण करें अफसर : डीएम

लखीमपुर खीरी – गोला गोकर्णनाथ तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एक अलग ही रंग में नजर आया, जहाँ एक ओर आमजन की शिकायतों का गम्भीरता से संज्ञान लिया गया, वहीं दूसरी ओर ममता, स्नेह और योजनाओं की सौगात से भरा एक भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिला। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में आयोजित इस समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया, तो दूसरी ओर शिशुओं के अन्नप्राशन, माताओं के गोदभराई और पोषण पोटलियों के वितरण ने प्रशासन को केवल व्यवस्था नहीं, एक परिवार के रूप में सामने लाकर खड़ा कर दिया।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान सर्वोपरि है। गरीब और जरूरतमंदों की समस्याओं का संवेदनशीलता से तुरंत समाधान करें और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। शिकायतकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान कर संतोषजनक निस्तारण करें। भूमि विवाद में राजस्व-पुलिस टीम संयुक्त कार्रवाई करे। किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर योजनाओं की भी सौगात दी गई। डीएम ने यह भी चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

डीएम की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 72 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किये, जिसमें 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व 36, ग्राम्य विकास 08, पुलिस 07, विद्युत 04, आपूर्ति और बाल विकास दो- दो, सहकारिता लोक निर्माण, गन्ना, बेसिक और चकबंदी के 01-01, अन्य के आठ शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें पृष्ठाकिंत कर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध करा दिया। इस दौरान सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, सीओ, डीडीओ दिनकर विद्यार्थी, पीडी एसएन चौरसिया सहित जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।

शिशुओं को खीर, माताओं को सम्मान, गोला में सजी ममता की मिसाल

गोला तहसील सभागार शनिवार को केवल समाधान दिवस नहीं था, बल्कि सजीव हो उठा ममता, स्नेह और संवेदनाओं का एक सुंदर दृश्य। मंच पर कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि अपनापन था जब डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा और सीडीओ अभिषेक कुमार ने डीपीओ भारत प्रसाद के साथ छह माह के मासूम तनवी, वैष्णवी और सुभी को गोद में लेकर खीर खिलाई। माला पहनाकर अन्नप्राशन को केवल संस्कार नहीं, बल्कि प्रेम का पर्व बना दिया।

कार्यक्रम में मातृत्व का भी सम्मान हुआ। पीएम मातृ वंदना योजना की लाभार्थी जूही और खुशबू को जब सहायता राशि के प्रमाण पत्र सौंपे गए, तो उनके चेहरों पर आत्मविश्वास की चमक थी। डाली, रोली और रोशनी देवी का गोदभराई संस्कार भी गरिमा के साथ संपन्न हुआ, जहां परंपरा और प्रशासन एक साथ खड़े दिखे। सिर्फ उत्सव नहीं, पोषण की चिंता भी इस आयोजन का हिस्सा बनी। सैम श्रेणी के नन्हे मन्नत, जोगेंद्र और अवंतिका को पोषण पोटली दी गई, ताकि भविष्य मजबूत हो, और बचपन स्वस्थ। इस खास आयोजन ने दिखाया कि योजनाएं जब संवेदना से जुड़ती हैं, तो सिर्फ लाभ नहीं, विश्वास भी बंटता है। गोला में इस दिन ममता की मिठास और विकास की मुस्कान दोनों साथ दिखीं।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *