लखीमपुर खीरी CDO अभिषेक कुमार के प्रयासों से मिली कृष्णा टॉकीज ओवरब्रिज (लेवल क्रासिंग संख्या – 121 ) को हरी झंडी

लखीमपुर खीरी – जिले में वर्षों से प्रतीक्षित ओवरब्रिज और यातायात सुधार का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। लगातार कदम-दर-कदम प्रयास और मजबूत पैरवी के बाद सीडीओ अभिषेक कुमार ने शासन से कृष्णा टॉकीज ओवर ब्रिज (लेवल क्रासिंग संख्या – 121) को मंजूरी दिलाई।

इससे पहले संकटा देवी से लालपुर बैरियर तक फोरलेन सड़क को स्वीकृति मिल चुकी थी। लेकिन रेलवे ओवरब्रिज की अनुमति न मिलने के कारण प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ था। अब दोनों मंजूरियों के साथ यह परियोजना लखीमपुर खीरी में विकास और जनकल्याण का नया प्रतीक बन जाएगी।

इस मेगा प्रोजेक्ट के पीछे सीडीओ अभिषेक कुमार की दूरदृष्टि और निरंतर प्रयास निर्णायक साबित हुए। उन्होंने शहर के मुख्य मार्ग की स्थिति और जाम की समस्या को शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया। कई दौर की बैठकें, तकनीकी रिपोर्टें और समन्वय के बाद अंततः शासन से स्वीकृति मिल गई।

जाम से राहत, रफ्तार को मिलेगी आज़ादी

कृष्णा टॉकीज क्रॉसिंग पर घंटों लगने वाला जाम अब इतिहास बनने जा रहा है। हजारों वाहन रोज इस चौराहे से गुजरते हैं और अक्सर रेलवे फाटक बंद होने पर लंबी कतारें लग जाती हैं। फोरलेन और आरओबी बनने के बाद न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि शहर के मुख्य मार्गों का दबाव भी घटेगा।

बताते चलें कि संकटा देवी चौराहे से लेकर लालपुर बैरियर तक 3.65 किलोमीटर लंबे, 24 मीटर चौड़े फोरलेन मार्ग के निर्माण को मंजूरी दे दी है। यही नहीं, इस मार्ग पर शहर की सबसे भीड़भाड़ वाली कृष्णा टॉकीज रेलवे क्रॉसिंग पर थ्री लेन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) भी बनेगा।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ सड़क या पुल बनाना नहीं, बल्कि हर नागरिक का जीवन आसान और सुरक्षित बनाना है। मैंने यह प्रोजेक्ट इसलिए आगे बढ़ाया ताकि लोग घंटों जाम में न फंसे, शहर की रफ्तार रुके नहीं, और हर कदम पर विकास दिखाई दे। यह सिर्फ एक पुल नहीं, यह लखीमपुर खीरी के हर नागरिक के लिए सुविधा, सुरक्षा और प्रगति का प्रतीक है जो कि जनपद के विकास की गति को तीव्र रफ़्तार दिलाएगी ।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *