बढ़नी स्वास्थ्य केंद्र

विश्व सेवा संघ समाचार | सिद्धार्थनगर
शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी सौगात मिली है। बढ़नी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को उच्चीकृत कर 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में परिवर्तित किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस परियोजना पर ₹19 करोड़ 66 लाख 11 हजार से अधिक की लागत आएगी।

1000121653


परियोजना के लिए ₹9 करोड़ 83 लाख 5 हजार की प्रथम किश्त भी शासन द्वारा जारी कर दी गई है। स्वीकृति के अनुसार नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 बेड की स्वास्थ्य सुविधा के साथ 20 बेड का जच्चा-बच्चा (मातृ एवं शिशु) केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।


इस संबंध में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने कहा कि यह शोहरतगढ़ क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल हुए हैं।


विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और लोगों को उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम पड़ेगी।


उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अन्य लंबित प्रस्तावों को भी शीघ्र स्वीकृति दिलाने का प्रयास जारी है। विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।


यह परियोजना बढ़नी सहित आसपास के ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के हजारों लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

1000121654

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *