सांकेतिक तस्वीर

विश्व सेवा संघ, संवाददाता आदिल अली

सिंगाही थाना क्षेत्र के सिधौना स्थित फुटहा फार्म में बुधवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तेंदुए ने घर के भीतर से सात वर्षीय मासूम को परिजनों के सामने ही उठाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

फुटहा फार्म निवासी जोगा सिंह की पुत्री सिमरन (7) शाम करीब सात बजे घर में मौजूद थी। इसी दौरान परिजनों की आंखों के सामने से अचानक घर में घुसे तेंदुए ने उसे जबड़े में दबोच लिया और लेकर भाग निकला। परिजन व आस-पास के लोग शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़े, लेकिन तेंदुआ बच्ची को लेकर दूर निकल गया। करीब 500 मीटर दूर गेहूं/मसूर के खेत में बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।0घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भय के साथ-साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी बढ़ गई है। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद घटना के दो घंटे बाद तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां पहले से बनी हुई थीं। इससे पूर्व वह दो पालतू कुत्तों और एक बछिया को भी अपना शिकार बना चुका है। इसके बावजूद वन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने पास के खेतों में तेंदुए के छिपे होने की आशंका जताई है। खबर लिखे जाने तक सिंगाही थाना प्रभारी दिलीप चौबे दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए, जबकि सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव निगम और सीओ शिवम कुमार भी मौके के लिए रवाना हो गए। बेलरायां रेंज के रेंजर भूपेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि इलाके में तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए पहले से ही दो स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं और गश्ती टीम निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेला न छोड़ने की अपील की है।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *