सिद्धार्थनगर। जिले के आंगनबाड़ी केंद्र इमिलिहा-डीह मिनी में चल रही आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया में भारी अनियमितता और आय प्रमाण पत्रों में हेराफेरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपकर भर्ती प्रक्रिया और अभ्यर्थियों के आय प्रमाण पत्रों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। आंगनबाड़ी भर्ती
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित लेखपाल द्वारा अभ्यर्थियों की वास्तविक पारिवारिक और आर्थिक स्थिति की जांच किए बिना ही कम वार्षिक आय के प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं। इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और योग्य अभ्यर्थियों के अधिकारों पर सीधा असर पड़ रहा है।
पत्र में कुछ विशेष मामलों का हवाला देते हुए बताया गया है कि कुछ अभ्यर्थियों के परिवार के पास 8 से 10 बीघा खेती होने के बावजूद उनकी वार्षिक आय 42,000 से 46,000 रुपये के बीच दर्शाई गई है। वहीं एक अन्य अभ्यर्थी के पारिवारिक परिवेश में ग्राम प्रधान और दो सदस्यों के सरकारी नौकरी में होने की बात सामने आई है, फिर भी उनका आय प्रमाण पत्र मात्र 36,000 रुपये वार्षिक का जारी कर दिया गया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से मांग की गई है कि भर्ती में शामिल सभी अभ्यर्थियों के आय प्रमाण पत्रों और उनकी वास्तविक आर्थिक स्थिति का मिलान कराया जाए। साथ ही, गलत तथ्यों के आधार पर जारी प्रमाण पत्रों को निरस्त कर जांच पूरी होने तक भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने देने की अपील की गई है।


