सिद्धार्थनगर। भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की चयन सूची जारी होने और नियुक्ति पत्र वितरण शुरू होने के बीच वीरपुर अहतमाली गांव में चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक चयनित अभ्यर्थी के आय प्रमाण पत्र पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की निवासी नीलम यादव पत्नी घनश्याम यादव ने एडीएम को शिकायती पत्र देकर चयनित अभ्यर्थी पुनीता पत्नी विकास कुमार के आय प्रमाण पत्र की जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि चयनित अभ्यर्थी के परिवार की वास्तविक आय को छिपाकर मात्र 46 हजार रुपये वार्षिक आय का प्रमाण पत्र बनवाया गया, जिसके आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद पर चयन हुआ है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि चयनित अभ्यर्थी के पति ग्राम रोजगार सेवक हैं और उन्हें करीब आठ हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। इसके अतिरिक्त परिवार के पास लगभग पांच बीघा कृषि योग्य भूमि भी है।
नीलम यादव ने संबंधित आय प्रमाण पत्र की निष्पक्ष जांच कराकर उसे निरस्त करने तथा चयन प्रक्रिया की पात्रता की दोबारा जांच कराने की मांग की है।
इस मामले में एडीएम विवेकानंद मिश्र ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि जांच में शिकायत के आरोप कितने सही साबित होते हैं और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।


