विश्व सेवा संघ, संवाददाता
लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 2026 के तीसरे दिन शनिवार को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। पहली पाली में 5,161 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि दूसरी पाली में भी इतने ही अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार शनिवार को कुल 10,322 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश से पूर्व सघन तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा प्रवेश पत्र की गहन जांच की गई। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं उड़नदस्ता टीमों की तैनाती की गई है। साथ ही प्रत्येक केंद्र की सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि तीन दिवसीय परीक्षा छह पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें जिले से कुल 35,086 अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित है। प्रशासन द्वारा परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
