धरना व ज्ञापन देने के दौरान वरिष्ठ सपा नेत्री जुबैदा चौधरी भी उपस्थित रहीं
विश्व सेवा संघ संवाद सूत्र
बढ़नी- शोहरतगढ़ – समाजवादी पार्टी ने केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में शनिवार को राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ को सौंपा। सपा जिला उपाध्यक्ष डॉ0 धीरेन्द्र यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक तहसील पहुंचे तथा विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया। वहीं ज्ञापन में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली कटौती, घरेलू गैस, डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। वरिष्ठ सपा नेत्री जुबैदा चौधरी ने किसानों को समय से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने तथा जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग भी रखी। वहीं जुबैदा चौधरी ने ज्ञापन में ग्राम सभाओं में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, मच्छर एवं कीट नियन्त्रण के लिए नियमित दवा छिड़काव कराने, किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था में सुधार की मांग शामिल रही। जिला उपाध्यक्ष डॉ0 धीरेन्द्र यादव ने कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों के समाधान के प्रति गम्भीर नहीं दिख रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआन्दोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
