ढेबरुआ थाना क्षेत्र के संसरी टोला करूआ का मामला, मायके पक्ष ने दर्ज कराई तहरीर, पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

विश्व सेवा संघ, संवादाता अर्जुन यादव

बढ़नी। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत संसरी टोला करूआ में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र यादव के पुत्र राजेश यादव की पत्नी मंजू उर्फ लाली की सोमवार सुबह उनके दूसरे मकान के एक कमरे में जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर महिला को जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजनों ने जले हुए शव को कपड़े से ढककर कमरे के अंदर ही रखा और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद मायके पक्ष के आने का इंतजार किया गया। करीब दो घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूचना पर पहुंची ढेबरुआ पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

मृतका मंज़ू देवी उर्फ लाली (फाइल फोटो)

मृतका की सास शुभावती ने बताया कि सोमवार सुबह मंजू मंजन आदि करने के लिए एक मकान से दूसरे मकान में गई थी। कुछ ही देर बाद कमरे में आग लगने की घटना हुई। उस समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि मृतका का पति राजेश ट्रैक्टर लेकर मिट्टी डालने गया था, देवर मोहित भैंस चराने और ससुर राजेंद्र दूध बेचने बाहर गए थे।

वहीं मृतका की मां कपूरा देवी, पत्नी स्वर्गीय सत्यनारायण, निवासी ग्राम दुबौलिया थाना चिल्हिया ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की शादी 18 अप्रैल 2024 को राजेश यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सास, ससुर, पति समेत अन्य परिजन मिलकर उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे।

मृतका की मां ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि उसके पति का संबंध उसकी भाभी सरोज से था, जिसका विरोध करने पर मंजू को प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी कारण उनकी बेटी की हत्या कर उसे जलाया गया है।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोगों में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *