विश्व सेवा संघ, संवाददाता
लखीमपुर खीरी के रमियाबेहड़ ब्लॉक सभागार में गुरुवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत बैठक विकास योजनाओं को नई दिशा देने के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख कल्पना वर्मा ने की, जिसमें आगामी कार्यों के लिए 21 करोड़ 29 लाख रुपये का अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया गया और विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब 18 करोड़ 86 लाख रुपये के प्रस्ताव रखे। इन प्रस्तावों को अनुपूरक कार्ययोजना में शामिल करते हुए प्राथमिकता तय की गई। इसके साथ ही पंचम राज्य वित्त एवं 15वें केंद्रीय वित्त आयोग के अंतर्गत 4 करोड़ 12 लाख रुपये के अतिरिक्त कार्यों का खाका भी प्रस्तुत किया गया।
खंड विकास अधिकारी श्रद्धा गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में प्राप्त 10.10 करोड़ रुपये के लेबर बजट में से 9.94 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 603 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जो पूर्ण हो चुके हैं।
बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। लघु सिंचाई योजना के अंतर्गत 895 किसानों को बोरिंग की सुविधा दी गई है, जबकि 8057 लाभार्थी विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इसके अलावा कृषि, स्वास्थ्य सेवाएं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पशुपालन, टीकाकरण, स्वच्छ पेयजल, ग्रामीण विद्युतीकरण और सौभाग्य योजना जैसे मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
ब्लॉक प्रमुख कल्पना वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाए और नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण रखा जा सके।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आयुष प्रकाश वर्मा, एडीओ अनुज अवस्थी, विजय गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य सुनील कुमार वर्मा, सपा सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश यादव, खीरी सांसद प्रतिनिधि दिल नवाज, जय प्रकाश राज और प्रधान जाबिर अली सहित क्षेत्र पंचायत के कई सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में विकास कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
—मुख्य बिंदु:
- 21.29 रोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश
- 18.86 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों पर मंथन
- 4.12 करोड़ रुपये राज्य व केंद्रीय वित्त आयोग मद में प्रस्तावित
- 603 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण कर लाभार्थियों को सौंपे गए
- 895 किसानों को बोरिंग सुविधा उपलब्ध
- 8057 लोगों को विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ
- गांवों में सफाई व कीटनाशक छिड़काव के निर्देश जारी
