विश्व सेवा संघ, संवादसूत्र

लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया क्षेत्र में तेंदुए के हमले में एक 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई। इस घटना से इलाके में भय का माहौल है। मृतक की पहचान ग्राम जसनगर निवासी राजकमल के रूप में हुई है।

यह घटना सोमवार रात करीब नौ बजे हुई, जब राजकमल जसनगर और खैरेटिया के बीच मैलानी-नानपारा रेलवे ट्रैक किनारे से गुजर रहा था। ट्रैक के उत्तर दिशा में एक झोपड़ी में छिपे तेंदुए ने उस पर अचानक हमला कर दिया और उसे खींच ले गया। हमले में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस टीम भी सक्रिय हो गई। रेंजर भूपेंद्र सिंह, निघासन एसडीएम राजीव निगम और पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार तिकुनिया पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष है और उन्होंने वन विभाग से हमलावर तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *