विश्व सेवा संघ, संवादाता
लखीमपुर खीरी। नीट यूजी परीक्षा निरस्त होने और छात्र रितिक मिश्रा की आत्महत्या के मामले को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने लोहिया भवन से कलक्ट्रेट तक मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
सपा नेताओं ने कहा कि कटौली बाजार निवासी छात्र रितिक मिश्रा पिछले तीन वर्षों से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परीक्षा निरस्त होने के बाद वह मानसिक तनाव में आ गया, जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। नेताओं ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं से लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। सरकार को छात्रों के हित में पारदर्शी व्यवस्था लागू करनी चाहिए ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
ज्ञापन में मृतक छात्र के परिवार को दो करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। इसके साथ ही दोबारा परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को आने-जाने का किराया और 50 हजार रुपये क्षतिपूर्ति देने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन में अनुराग पटेल, कय्यूम खान, शशांक यादव, तृप्ति अवस्थी, शमशेर बहादुर सिंह समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और छात्र सभा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
