विश्व सेवा संघ, संवादसूत्र

लखीमपुर खीरी – उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में स्थित बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड की खंभारखेड़ा चीनी मिल में एक दर्दनाक हादसे ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। मिल में फिटर के पद पर कार्यरत मोहल्ला काशीनगर सिकटीहा निवासी सुशील अवस्थी की काम के दौरान गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने मिल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सुशील अवस्थी खंभारखेड़ा चीनी मिल में नियमित रूप से फिटर का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कार्य करते समय वह अचानक गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सहकर्मियों द्वारा उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि चीनी मिल प्रशासन ने घटना की जानकारी समय पर उन्हें नहीं दी और मामले को छिपाने की कोशिश की। उनका कहना है कि अगर समय रहते उचित इलाज मिलता, तो शायद सुशील की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मिल के अधिकारी घटना के बाद उनसे बात करने से बच रहे हैं और जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं।

घटना के बाद परिजन पोस्टमार्टम गृह पर पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि मिल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।यह घटना एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, जहां कर्मचारियों की जान जोखिम में डालकर काम कराया जा रहा है।

By Reporter

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *