विश्व सेवा संघ, संवाददाता आदिल अली
लखीमपुर खीरी जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने निघासन क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लखीमपुर खीरी के निघासन कोतवाली पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों और पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कोतवाली परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड रजिस्टर, मालखाना, हवालात और कार्यालय की व्यवस्थाओं को ध्यान से देखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण किया जाए।
डॉ. ख्याति गर्ग ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्हें जल्द से जल्द निपटाने के आदेश दिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहारों और विशेष अवसरों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए, जिससे आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके।
निरीक्षण के अंत में एसपी ने कोतवाली प्रभारी को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि कार्य में लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से पुलिस विभाग में सतर्कता बढ़ी है और अधिकारियों-कर्मचारियों में जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश गया है।
