सिद्धार्थनगर/शोहरतगढ़।
शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चिल्हिया चौराहे को शहीद भगत सिंह चौराहा के रूप में विकसित करने के लिए सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन 20 मार्च 2026 को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक विनय वर्मा उपस्थित रहे। यह कार्य उनकी विधायक विकास निधि से लगभग 20 लाख 22 हजार रुपये की लागत से कराया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के लोगों का उत्साह और जनसमर्थन देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान क्रेन के माध्यम से पुष्प वर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया गया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।
इस अवसर पर कार्यदायी संस्था सिडको के अधिशासी अभियंता ने विधायक विनय वर्मा सहित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।
विधायक विनय वर्मा ने कहा कि चौराहे के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र की सुंदरता और पहचान को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह शोहरतगढ़ के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
