विश्व सेवा संघ, संवाददाता अजय मौर्य
गोला गोकर्णनाथ। कॉरिडोर निर्माण कार्य में तेजी के बीच श्रद्धालुओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। शिवमंदिर जाने वाले मार्ग पर कीचड़ और फिसलन के कारण लोग मुश्किल से आ-जा रहे हैं।
रविवार को बारिश के बाद निर्माण स्थल पर पानी भरने से हालात और खराब हो गए। मान्यता है कि चैत्र मास में मां पूर्णागिरि जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए गोला शिवमंदिर में दर्शन जरूरी होते हैं, जिससे इन दिनों भीड़ बढ़ गई है। कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते समय कई श्रद्धालु फिसलते नजर आए।
उधर, निर्माण कार्य में तेजी के साथ अन्य मंदिरों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। शिव मंदिर के सामने स्थित माता पार्वती का प्राचीन मंदिर हटा दिया गया है।कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के जेई अजय प्रताप सिंह की देखरेख में निर्माण कार्य जारी है।
