विश्व सेवा संघ संवाद सूत्र
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।शोहरतगढ़़ विधानसभा क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से विधायक विनय वर्मा ने बुधवार को तहसील परिसर में विधायक निधि से मिनी हाईमास्ट लाइट स्थापना कार्य का शुभारम्भ किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजन-अर्चन करने के बाद सामग्री लदी वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस योजना के तहत 2 करोड़ 34 लाख 75 हजार रुपये की लागत से विधानसभा क्षेत्र के छह विकास खण्डों के 75 स्थानों पर मिनी हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जायेगी। वहीं कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में होने वाले सभी विकास कार्य जनता के पैसे से किये जाते हैं और जनता को इसकी जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि विधायक निधि से मिलने वाली धनराशि का उपयोग जनता की मांग और प्राथमिकताओं के आधार पर सड़क, चौपाल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनहित के कार्यों में किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता के धन का पारदर्शी और सही उपयोग करना उनकी जिम्मेदारी है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। विधायक ने बताया कि क्षेत्र के प्रमुख चौराहों का विकास करते हुए महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जायेगी। इसके तहत चिल्हियां में शहीद भगत सिंह, बढ़नी में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, ढेबरुआ में सोनेलाल पटेल तथा गणेशपुर में डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाएं स्थापित की जायेगी। वहीं प्रतिमाएं जयपुर से मंगाई जायेगी। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रामबिलास यादव ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज की आवाज को मजबूती से उठाते हैं। उन्होंने शोहरतगढ़ में राजकीय नर्सिंग मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा। एसपीपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो0 अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि प्रकाश व्यवस्था से क्षेत्र में विकास और सुरक्षा दोनों को बल मिलेगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने कहा कि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था से अपराध नियन्त्रण में मदद मिलती है और उन्होंने हाईमास्ट लाइटों के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दिया। उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य क्षेत्र में जागरूकता और कानून व्यवस्था को मजबूत करेंगे। वहीं बार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष दया सागर पाठक ने ग्रामीण न्यायालय की स्थापना को लेकर विधायक को मांग पत्र सौंपा। 👉 इन विकास खण्डों में लगेंगी हाईमास्ट लाइटें -योजना के तहत विकास खण्ड शोहरतगढ़, जोगिया, नौगढ़, बढ़नी, इटवा और बर्डपुर के विभिन्न ग्राम पंचायतों, चौराहों, मंदिरों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जायेगी। शोहरतगढ़ विकास खण्ड में 20, जोगिया में 12, नौगढ़ में 2, बढ़नी में 30, इटवा में 10 तथा बर्डपुर में एक स्थान पर हाईमास्ट लाइट स्थापित की जायेगी। प्रत्येक स्थल पर लगभग 3.13 लाख रुपये की लागत से लाइट लगाई जा रही है। वहीं कार्यक्रम को निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष हरिराम निषाद, खण्ड विकास अधिकारी शोहरतगढ़़ चन्द्र भूषण तिवारी, खण्ड विकास अधिकारी बढ़नी अनिशि मणि पाण्डेय, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रामदास मौर्य ने किया। इस अवसर पर रामसेवक गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, राजकुमार मोदनवाल, विजय गुप्ता, चन्द्र प्रताप सिंह, असलम, बबलू गौड़ सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
