IMG 20260222 WA0050

मतदान स्थलो का लिया जायजा, बीएलओ से जानी प्रगति, दिए निर्देश

विश्व सेवा संघ संवाददाता, आदिल अली

लखीमपुर खीरी – मतदाता सूची को दुरुस्त करने की मुहिम ने रविवार को जिले भर में रफ्तार पकड़ ली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित “विशेष अभियान दिवस” में मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्वयं मैदान में उतरकर बूथों का औचक निरीक्षण किया।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने ईआरओ/एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह के साथ क्रमशः मतदान स्थल प्राथमिक विद्यालय ईदगाह (भाग संख्या 205-209) और संविलियन विद्यालय छाउछ (भाग संख्या 19-25) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम सीधे बीएलओ के हेल्प डेस्क पर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्राप्त फॉर्म-6 व फॉर्म-8, संलग्न दस्तावेज और निस्तारण की स्थिति को स्वयं देखा।

IMG 20260222 WA0051

डीएम ने बीएलओ से दो टूक कहा कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके एक भी पात्र युवा का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि हर आवेदन की मौके पर जांच कर सही मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। डीएम ने अभियान की प्रगति पूछते हुए बीएलओ को सक्रिय संपर्क, डोर-टू-डोर जागरूकता और समयबद्ध निस्तारण पर खास जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने आमजन से भी संवाद करते हुए बताया कि जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर बीएलओ को दें या voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें, जबकि त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क करने की अपील की।

IMG 20260222 WA0055

डीईओ के निर्देश पर ईआरओ भ्रमणशील, पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ने पर जोर

विशेष अभियान तिथि पर जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भ्रमणशील रहकर जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान ईआरओ ने निर्देशित किया कि विशेष अभियान के दौरान आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता बढ़ाई जाए, जिससे कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। अधिकारियों ने बीएलओ से संवाद कर प्रगति की जानकारी ली तथा अभियान को सफल बनाने हेतु सक्रियता से कार्य करने पर बल दिया।

By District Reporter Lakhimpur Kheri

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *