विश्व सेवा संघ संवाददाता
शरदेंदु त्रिपाठी
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के शोहरतगढ़–खुनुवां मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बगहवा चौराहा स्थित वर्मा टेंट हाउस के सामने विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार चौदह वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार करहिया गांव निवासी अरविंद की पुत्री चावला (14), जो कक्षा नौ की छात्रा है, सुबह करीब दस बजे साइकिल से बगहवा स्थित सरदार पटेल कोचिंग सेंटर ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर जा रहे बॉक्साइट लदे ट्रेलर संख्या यूपी 70 क्यूटी 9051 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्रा का एक पैर घुटने के नीचे से बुरी तरह जख्मी हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को तत्काल जिला मुख्यालय भेजवाया। परिजनों के मुताबिक छात्रा का इलाज जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर नेपाल जाने वाले ट्रक और ट्रेलर अक्सर सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और आए दिन हादसे होते रहते हैं। दुर्घटना के समय भी सड़क के एक तरफ भारी वाहन खड़ा था, जिससे ट्रेलर का पिछला पहिया छात्रा और उसकी साइकिल की चपेट में आ गया।
पुलिस चौकी प्रभारी बीरेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक हरिश्चंद्र यादव, निवासी ग्राम मुआमा, थाना सुरांव, जिला प्रयागराज को ट्रेलर सहित हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल छात्रा के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों और लचर यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
