विपिन कुमार सोनी बने श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन भारत के राष्ट्रीय महामंत्री

विश्व सेवा संघ, संवाददाता

सिद्धार्थनगर। श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन भारत ने संगठन को सशक्त करने और समाजोत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विपिन कुमार सोनी को संगठन का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया है। यह मनोनयन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नि. कैबिनेट मंत्री, राष्ट्रीय विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड, मध्य प्रदेश सरकार प्रेमनारायण विश्वकर्मा द्वारा किया गया।

जारी आधिकारिक नियुक्ति पत्र के अनुसार, नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री विपिन कुमार सोनी ग्राम जलालपुर मसेढ़ा, जनपद अम्बेडकर नगर के निवासी हैं। संगठन नेतृत्व का मानना है कि उनके संगठनात्मक अनुभव, समाजसेवा के प्रति समर्पण और कार्यक्षमता से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

नियुक्ति पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विपिन कुमार सोनी संगठन के विस्तार, सामाजिक गतिविधियों के संचालन तथा विश्वकर्मा समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उनके मनोनयन से संगठनात्मक कार्यों में गति आने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने की प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी।

राष्ट्रीय महामंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर विपिन कुमार सोनी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप समाज के युवाओं, कारीगरों एवं श्रमिक वर्ग को संगठित कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

वहीं, श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन भारत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विपिन कुमार सोनी के मनोनयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन समाजहित और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *