बढ़नी- मिट्टी खनन का केंद्र बन चुका बढ़नी क्षेत्र में जहां इस समय नगर पंचायत बढ़नी की सड़कों पर दर्जनों डंपर सड़क पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। वहीं कुछ डंपर गाडियां बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे हैं ताकि कोई सड़क दुघर्टना होने पर बचा जा सके।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बताया जाता है कि ढेबरुआ थाना अंतर्गत बढ़नी क्षेत्र के कुछ जगहों पर मशीनों की मदद से तेजी से मिट्टी निकाली जा रही है। यह मिट्टी ढोने के लिए रोड पर लगभग दर्जनों डंपर चल रहे हैं। चौंकाने वाली और सबसे गंभीर बात यह है कि इनमें से कुछ डंपरों में नंबर प्लेट ही नहीं है। कुछ लोगों का दबी जुबान से कहना है कि चालक अपनी गाड़ी का रनिंग नंबर बनाने के चक्कर में ओवर स्पीड में चलते हैं।
वे जानबूझकर नंबर प्लेट हटाकर चल रहे हैं, ताकि दुर्घटना होने पर उनकी पहचान न हो सके और वे कानूनी कार्रवाई से बच निकलें। नगर पंचायत बढ़नी बस स्टाप चौराहे से लेकर घरुआर मोड़ तक भीड़ भाड़ वाली इन जगहों पर भी तेज रफ्तार, बिना नंबर वाले डंपरों के कारण राहगीरों का चलना पूरी तरह से दुस्वार हो गया है। रोड से सटे घरों में मिट्टी भरना और जाम की समस्या से स्थानीय लोग परेशान नजर आ रहे हैं। लोगों ने ऐसे गाड़ी चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
