विश्व सेवा संघ न्यूज संवाद सूत्र

बढ़नी- पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के जिला कपिलवस्तु पुलिस ने एक बड़े राजस्व चोरी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मोटा चावल के नाम पर महंगा बासमती चावल और अन्य कीमती वस्तुएं नेपाल में तस्करी करने की कोशिश करने वाले गिरोह के तीन भारतीय ट्रेलर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। जिला पुलिस कार्यालय कपिलवस्तु से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर मायादेवी गांव पालिका वार्ड नम्बर-01, पकड़ी क्षेत्र में की गई। डीएसपी रिपेन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन और पुलिस निरीक्षक सुभाष खातीवाड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने सुबह 10 बजे के आसपास तीन ट्रेलर वाहनों – UP 51 BT 3932, HR 69 E 9039, और HR 58 B 8687 को रोककर जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि ट्रेलरों में घोषित सामान की तुलना में अधिक और भिन्न प्रकृति का माल लदा हुआ था। वहीं UP 51 BT 3932 में 42,220 किलो डी-ऑइल केक (पोल्ट्री फीड) जिसकी कीमत ₹ 26,04,866/-, HR 69 E 9039 में 42,000 किलो बासमती चावल जिसकी कीमत ₹ 53,18,010/-, HR 58 B 8687 में 42,000 किलो सोया डीओसी जिसकी कीमत ₹ 25,91,293/- बरामद हुआ। पुलिस उपरीक्षक सन्तोष आचार्य ने बताया कि कुछ व्यापारी लम्बे समय से मोटे चावल के नाम पर कम सीमा शुल्क अदा कर महंगे बासमती चावल की अवैध ढंग से आमद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि “मोटे चावल का बिल दिखाकर महीन और महंगे चावल लाकर लगातार राजस्व चोरी की जा रही थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों ट्रेलर जब्त किये गये हैं।” वहीं बरामद चावल और ट्रेलरों की संयुक्त कीमत करीब ₹1 करोड़ 80 लाख 14 हजार आँकी गई है। तीनों ट्रेलर, माल और चालकों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजस्व जांच कार्यालय, बुटवल( रूपन्देही) भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद यह भी पता लगाया जाएगा कि इस गिरोह के पीछे कौन-कौन व्यापारी और एजेंट जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *