एक राष्ट्र-एक चुनाव की व्यवस्था लागू होने से होगी आर्थिक उन्नति – भूपेन्द्र सिंह
विश्व सेवा संघ संवाद सूत्र
बढ़नी- विकास खंड खण्ड बढ़नी के तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं0 बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इन्टर कालेज में शनिवार को जिला सह संयोजक अजय सिंह के नेतृत्व में एक राष्ट्र एक चुनाव विषयक संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संयोजक भूपेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भारत को विश्व गुरु के रूप में पुन: स्थापित करने के लिए सतत प्रयत्नशील है। एक राष्ट्र-एक चुनाव इस अभियान का एक अहम हिस्सा है। यदि देश में एक राष्ट्र- एक चुनाव की व्यवस्था लागू हो गई तो आर्थिक उन्नति से हमें कोई रोक नहीं सकता है। विभिन्न चुनावों में खर्च होने वाले धन बचेगा तो यह देश की तरक्की और नागरिकों के उन्नति में काम आएगा। एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान से भाजपा जन-जन को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच देश और भारतीय लोकतंत्र के प्रति रचनात्मक और मजबूती देने वाली है। इसीलिए देश की जनता उनसे जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव कराने से संसाधनों की बचत होगी। इससे चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही बार-बार चुनाव से जनजीवन में आने वाली बाधाएं भी दूर होंगी। जिला संयोजक उदयपाल वर्मा ने इस व्यवस्था को समय की मांग बताया। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे निर्णयों की जरूरत है। इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि बार-बार चुनाव से जनता और प्रशासन पर बोझ बढ़ता है। विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं। एक साथ चुनाव से देश में स्थिरता और सुशासन को बढ़ावा मिलेगा।जिला सह संयोजक अजय सिंह ने कहा कि यह सिर्फ चुनावी व्यवस्था का प्रस्ताव नहीं है। यह देश की एकता और विकास की दिशा में एक कदम है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य रवि शुक्ल, माधवेन्द्र मिश्र, दिनेश, आशाराम यादव, धन्नजय पाठक, अजय यादव, मयंक शुक्ल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।