विश्व सेवा संघ, संवाददाता

मैगलगंज (खीरी) – जिले में समग्र शिक्षा अभियान के तहत निर्मित राजकीय हाईस्कूल खखरा खीरी और राजकीय हाईस्कूल मैगलगंज गंज के नए भवनों में एक अप्रैल 2026 से विधिवत संचालन शुरू होगा। करीब एक वर्ष पूर्व लाखों रुपये की लागत से तैयार इन भवनों का अब तक उपयोग नहीं हो पा रहा था, जिससे क्षेत्र के छात्र सुविधाओं से वंचित थे।

जिला विद्यालय निरीक्षक की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ ही दोनों विद्यालयों की हैंडओवर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। निर्देशानुसार संबंधित शिक्षकों को 31 मार्च तक अपने मूल विद्यालयों से कार्यमुक्त होकर नए विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करना होगा, ताकि सत्र 2026-27 की कक्षाएं समय से नए भवनों में संचालित हो सकें।

नए भवनों में पर्याप्त कक्षाएं, बेहतर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ परिसर और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे छात्रों को पहले की तुलना में अधिक अनुकूल वातावरण में शिक्षा मिल सकेगी। इन विद्यालयों के संचालन से क्षेत्र के ग्रामीण व दूरदराज के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को अब कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने नजदीक ही उपलब्ध हो सकेगी।

डीआईओएस विनोद मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

By Reporter

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *