विश्व सेवा संघ, संवाददाता अजय मौर्या

लखीमपुर खीरी में शारदा नदी में नहाते समय डूबे 16 वर्षीय किशोर का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया है। एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे किशोर का शव नदी से निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी अजय उर्फ राजन (16) बीते 5 मार्च को अपने मौसेरे भाई राज कश्यप के साथ थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के पचपेड़ी घाट प्लाटून पुल के पास शारदा नदी में नहाने गया था। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

दोनों को डूबता देख आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और नाविकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद राज कश्यप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अजय उर्फ राजन गहरे पानी में डूब गया और उसका कोई पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ के साथ मिलकर किशोर की तलाश शुरू की। शुक्रवार को पूरे दिन नदी में खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

शनिवार को फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद दोपहर करीब सवा दो बजे उसी स्थान के आसपास से किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जहां वह डूबा था।

शव मिलने की सूचना पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

By Reporter

"चाटुकारिता नहीं पत्रकारिता ✍️✍️"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *