विश्व सेवा संघ, संवाददाता
लखीमपुर खीरी। खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा ने जिले में बढ़ते वन्यजीव हमलों का गंभीर मुद्दा बुधवार को लोकसभा में उठाया। उन्होंने सिंगाही क्षेत्र में तीन दिन पहले हुई दर्दनाक घटना का उल्लेख करते हुए सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
सांसद ने सदन में कहा कि बुधवार रात सिंगाही क्षेत्र के फुटहा फार्म निवासी जोगा सिंह की सात वर्षीय बेटी को तेंदुआ घर से उठा ले गया और उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े वन क्षेत्र वाले खीरी जिले में वन्यजीव हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई किसानों की जान जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत के साथ-साथ खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है।
सांसद ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाएं और वन्यजीवों को आबादी से दूर रखने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
उन्होंने केंद्र सरकार से खीरी क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज और समग्र कार्ययोजना लागू करने की भी मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
