विश्व सेवा संघ, संवाददाता
निघासन (खीरी) – थाना निघासन क्षेत्र के गांव देवीदीन पुरवा में शनिवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे गांव को दहला दिया। तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पांच घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में नगदी, अनाज, कपड़े और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बहादुर के घर से आग लगने की शुरुआत हुई। शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन तेज हवा के चलते वह तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने बहादुर, राम खेलावन, दिनेश कुमार, सोबरन और विजय पाल के घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
अचानक लगी आग से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से जरूरी सामान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोगों ने बाल्टियों और हैंडपंप के सहारे आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक पांचों घर पूरी तरह जल चुके थे और सिर्फ राख ही बची थी।
घटना की जानकारी मिलते ही झंडी चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल जगदीश प्रसाद ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।

बताया जा रहा है कि इस आग में सोबरन की दुकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा एक इंजन और राम खेलावन का भी एक इंजन आग की चपेट में आकर पूरी तरह खराब हो गया। घरों में रखी नगदी, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गए, जिससे परिवारों के सामने अब जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और राहत की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।
