तुलसियापुर | विश्व सेवा संघ

शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एनएच-730 से धनौरा, मुस्तहकम, एसएसबी कैंप होते हुए नेपाल सीमा तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए 2804.01 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है, जिसके अंतर्गत लगभग 3.920 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्रीय नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा सीमा क्षेत्र से जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ होगा।

क्षेत्रीय लोगों ने इस उपलब्धि का श्रेय शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा को देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की है। ग्राम प्रधान बौरह जैसवाल, भाजपा एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष चंद्रकेश भारती, भोला शर्मा, रामनरेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक विनय वर्मा का आभार व्यक्त किया है।

इस संबंध में विधायक विनय वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए आगे भी अन्य सड़कों के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाने के प्रयास जारी हैं, ताकि आम जनता को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *